सूर्यानाला में जलप्रलय पर मॉक ड्रिल: SDRF और प्रशासन ने किया रेस्क्यू अभ्यास

हल्द्वानी— आपदा प्रबंधन के तहत प्रशासन द्वारा सोमवार को एक संयुक्त मॉक ड्रिल अभ्यास किया गया, जिसमें SDRF, पुलिस बल और जिला आपदा परिचालन केन्द्र की टीमों ने आपात स्थिति से निपटने का व्यावहारिक प्रदर्शन किया।

अभ्यास की काल्पनिक स्थिति के अनुसार, पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते काठगोदाम-चोरगलिया-सितारगंज हाइवे पर स्थित सूर्यानाला में जलस्तर अचानक तेजी से बढ़ गया। इसके कारण हाईवे पर आवागमन कर रहे कई वाहन फंस गए, और सड़क पर भारी ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। नाले के तेज प्रवाह में मिट्टी, मलवा, चट्टानों और बहते पेड़ों के कारण मार्ग अवरुद्ध हो गया।

मॉक परिदृश्य में बताया गया कि एक यात्री जीप और दो दोपहिया वाहन नाले में फंस गए, जिनमें से एक दोपहिया वाहन सवार व्यक्ति के बह जाने की सूचना भी दी गई।

सूर्यानाला में जलप्रलय पर मॉक ड्रिल: SDRF और प्रशासन ने किया रेस्क्यू अभ्यास

जैसे ही सूचना आपदा नियंत्रण कक्ष को प्राप्त हुई, तत्काल कार्यवाही करते हुए तहसील हल्द्वानी में पूर्व से ही तैयार स्टेजिंग एरिया से राहत एवं बचाव दल, जिसमें SDRF और पुलिस बल शामिल थे, मय संसाधनों के साथ तत्काल मौके पर रवाना किए गए।

टीमों ने मौके पर पहुंचकर त्वरित खोज एवं बचाव अभियान चलाया। फंसे हुए यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। मॉक अभ्यास के तहत SDRF टीम द्वारा बहे हुए व्यक्ति की डाउनस्ट्रीम क्षेत्र में खोजबीन की कार्यवाही भी की गई।

यह अभ्यास आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता, समन्वय और रेस्पॉन्स समय को परखने के उद्देश्य से किया गया था। प्रशासन ने बताया कि इस तरह के अभ्यास भविष्य में वास्तविक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को और अधिक मजबूत बनाएंगे।

सूर्यानाला में जलप्रलय पर मॉक ड्रिल: SDRF और प्रशासन ने किया रेस्क्यू अभ्यास