
हल्द्वानी। जिला सूचना अधिकारी नैनीताल स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी के निधन से पत्रकारिता और सूचना विभाग से जुड़े लोगों में शोक की लहर है। सोमवार को हल्द्वानी मीडिया सेंटर में अधिकारियों और पत्रकारों ने उन्हें नम आंखों से भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी के व्यक्तित्व और उनके सरल, सहज एवं सहयोगी व्यवहार को याद किया। पत्रकारों ने कहा कि गिरजा शंकर जोशी केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक ऐसा व्यक्तित्व थे, जिन्होंने पत्रकारों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें याद करते हुए कई पत्रकार भावुक हो गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
इस दौरान जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रियाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने भी स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी के साथ बिताए अपने संस्मरण साझा किए और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। अधिकारियों ने उनके निधन को सूचना विभाग और पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी फोन पर श्रद्धांजलि सभा से जुड़े लोगों से बात कर स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि सभा के दौरान पत्रकारों ने मुख्यमंत्री के समक्ष एक महत्वपूर्ण मांग भी रखी। पत्रकारों ने कहा कि हल्द्वानी में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का नाम स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी के नाम पर रखा जाए, ताकि पत्रकारिता और सूचना विभाग के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जा सके। इस मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से सकारात्मक आश्वासन दिया गया।
स्वर्गीय गिरजा शंकर जोशी को श्रद्धांजलि देते हुए उपस्थित पत्रकारों और अधिकारियों ने उनके योगदान एवं स्मृतियों को हमेशा संजोकर रखने का संकल्प लिया।
