रामड़ी-आनसिंह सीट से बेला तोलिया के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

कालाढूंगी। भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी बेला तोलिया ने रामडी-आनसिंह (पनियाली) जिला पंचायत सीट से अपने चुनाव अभियान की जोरदार शुरुआत करते हुए शनिवार को कठघरिया से एक विशाल जुलूस निकाला। इस शो ऑफ स्ट्रेंथ में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनता ने भाग लिया और जोश के साथ नारेबाजी कर प्रत्याशी के प्रति अपना समर्थन जाहिर किया। जुलूस पनियाली से शुरू होकर कई गांवों से होता हुआ कठघरिया पहुंचा, जहां यह एक विशाल जनसभा में तब्दील हो गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए बेला तोलिया ने क्षेत्र के शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने का संकल्प दोहराया और जनता से भाजपा के चुनाव चिन्ह “कुल्हाड़ी” पर मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि क्षेत्र के हर व्यक्ति के जीवन को बेहतर बनाना है।

रामड़ी-आनसिंह सीट से बेला तोलिया के समर्थन में उमड़ा जनसैलाब

इस अवसर पर नैनीताल-उधमसिंह नगर के सांसद अजय भट्ट, स्थानीय विधायक बंशीधर भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र बिष्ट, पार्टी प्रवक्ता विकास भगत समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सांसद अजय भट्ट ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह विशाल रैली पहले ही संकेत दे चुकी है कि बेला तोलिया की जीत सुनिश्चित है। विधायक बंशीधर भगत ने भी भरोसा जताया कि बेला तोलिया के नेतृत्व में क्षेत्र में समग्र विकास संभव होगा।