जिलाधिकारी वंदना सिंह का रात में निरीक्षण: जनता की समस्याओं पर दिए त्वरित समाधान के निर्देश

हल्द्वानी। जिलाधिकारी वंदना सिंह ने गुरुवार देर रात नगर निगम के वार्ड संख्या 50, 51, 52 और 53 का पैदल भ्रमण कर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छोटी मुखानी, वसंत विहार, गणेश विहार, जेके पुरम, रूपनगर, जज फार्म सहित कई इलाकों का दौरा किया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। लोगों ने जिलाधिकारी को बिजली, पानी, सिंचाई गूल, स्ट्रीट लाइट, नालियों पर अतिक्रमण सहित विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कई इलाकों में समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। छोटी मुखानी और वसंत विहार में नालियों की सफाई न होने, कूड़े की भरमार और स्लैब की खराब स्थिति को देखते हुए उन्होंने सिंचाई विभाग और नगर निगम को नालियों की सफाई और स्लैब को व्यवस्थित करने के आदेश दिए।

गणेश विहार के निवासियों ने पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में जलभराव की समस्या और पेयजल संकट की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने पेयजल संस्थान और नलकूप विभाग को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए और जल संस्थान के लाइनमैन को तत्काल बदलने का आदेश दिया।

रूपनगर में नालियों में कचरे और अतिक्रमण की समस्या पर कार्रवाई के लिए सिंचाई विभाग और नगर निगम को निर्देशित किया गया। नालियों में फाइबर केबल डालने की वजह से जलभराव हो रहा था, जिसे हटाने के आदेश दिए गए। इसके अलावा, पेयजल लाइन के लीकेज और घरों से सड़कों पर बहते पानी की समस्याओं पर भी ध्यान दिया गया और संबंधित विभागों को तत्काल समाधान के लिए कहा गया।

जज फार्म में सिंचाई विभाग को नहर की मरम्मत और सफाई का काम प्राथमिकता से करने को कहा गया। साथ ही नगर निगम और राजस्व विभाग को संयुक्त रूप से अतिक्रमण की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को सभी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मौके पर निवर्तमान मेयर डॉ. जोगिंदर पाल सिंह रौतेला, नगर आयुक्त विशाल मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के ईई अशोक चौधरी, जल संस्थान के अधिकारी रविशंकर लोशाली, उप जिलाधिकारी परितोष वर्मा, उप नगर आयुक्त तुषार सैनी, तहसीलदार सचिन कुमार और स्थानीय जनता उपस्थित रही।