
हल्द्वानी की बेटी भार्गवी रावत ने एक बार फिर शहर का नाम रोशन किया है। काशीपुर स्थित लिटिल स्कॉलर स्कूल में आयोजित राज्य स्तरीय मॉर्डन पैन्टयथलॉन प्रतियोगिता में भार्गवी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 15 वर्ष आयु वर्ग की बाइथले प्रतियोगिता (1600 मीटर दौड़ और 100 मीटर तैराकी) तथा सइथले प्रतियोगिता (1800 मीटर दौड़, 100 मीटर तैराकी और शूटिंग) में 2 स्वर्ण पदक अपने नाम किए। उनके इस प्रदर्शन से न केवल हल्द्वानी बल्कि पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ा है।
भार्गवी के स्वर्ण पदक जीतने के साथ ही उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हो गया है, जो आगामी 4 से 8 अक्टूबर तक इंदौर, मध्यप्रदेश में आयोजित की जाएगी। भार्गवी वर्तमान में वुडलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी की कक्षा 11 की छात्रा हैं। उनके माता-पिता राजकीय विद्यालय में अध्यापक हैं।
भार्गवी की इस उपलब्धि पर परिवार, विद्यालय और खेल प्रेमियों ने गर्व व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में और बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएँ दी हैं।

