
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए 5 सितंबर 2026 को जनपद नैनीताल के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।
मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में तेज जल प्रवाह तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आदेश के अनुसार विद्यालयों के प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य रहेगा। हालांकि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां छात्रों के लिए शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।
जिला प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

