
उत्तराखंड शासन ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), प्रांतीय सिविल सेवा (PCS) और परिवहन विभाग के अधिकारियों के तबादले कर दिए। शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार अल्मोड़ा और नैनीताल के जिलाधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। वहीं परिवहन विभाग में भी आगामी विधानसभा चुनाव-2027 को देखते हुए 12 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार नैनीताल के जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को जिलाधिकारी पद से हटाकर अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग तथा अपर सचिव मुख्यमंत्री, उत्तराखंड शासन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अल्मोड़ा की जिलाधिकारी दीप्ति सिंह को नैनीताल के जिलाधिकारी अंशुल सिंह के स्थान पर अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। अंशुल सिंह को नैनीताल का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। सुष्री निधि यादव को खेल एवं युवा कल्याण विभाग में नई जिम्मेदारी दी गई है।
वहीं परिवहन विभाग में आगामी उत्तराखंड विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से 12 सहायक संभागीय परिवहन अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। शासन द्वारा जारी दो अलग-अलग आदेशों में अधिकारियों को वर्तमान तैनाती स्थल से हटाकर नए स्थानों पर जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें हल्द्वानी, काशीपुर, रुद्रपुर, अल्मोड़ा, नैनीताल, हरिद्वार, देहरादून, ऋषिकेश, टनकपुर, कोटद्वार और पौड़ी समेत विभिन्न स्थानों पर तैनाती में बदलाव किया गया है।
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।




