मंगल पड़ाव में नगर निगम कॉम्प्लेक्स की तैयारी तेज! महापौर ने व्यापारियों संग बैठक कर सुने सुझाव

हल्द्वानी। मंगल पड़ाव में प्रस्तावित नगर निगम कॉम्प्लेक्स के निर्माण को लेकर नगर निगम ने व्यापारियों के साथ संवाद शुरू कर दिया है। इसी क्रम में महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने नगर निगम के व्यापारियों के साथ बैठक कर प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स के निर्माण और भविष्य की व्यवस्थाओं पर चर्चा की। बैठक में व्यापारियों ने अपनी समस्याएं और सुझाव रखे, जिन्हें महापौर ने गंभीरता से सुना।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स के निर्माण और उससे जुड़ी भविष्य की व्यवस्थाओं में व्यापारियों के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। व्यापारियों के सुझाव और सहयोग के आधार पर बेहतर व्यवस्थाएं विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि निर्माण कार्य और भविष्य की व्यवस्था व्यापारियों के लिए सुविधाजनक हो।

उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के विकास के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों की सुविधाओं और हितों के प्रति भी प्रतिबद्ध है। व्यापारियों और नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सभी विषयों का सकारात्मक समाधान निकालना प्राथमिकता है।

बैठक में नगर आयुक्त असीमा गोयल सहित नगर निगम के संबंधित अधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे।