
- पुलिस पर जानलेवा फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई, दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और 315 बोर का तमंचा बरामद
हरिद्वार। हरिद्वार में अवैध हथियारों की सप्लाई करने पहुंचे बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, रविवार 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश अवैध पिस्टल की सप्लाई करने आने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और एंबुश लगा दिया। इस दौरान पुलिस ने दो बदमाशों विशाल और भूपेंद्र को मौके से पकड़ लिया, जबकि तीसरा आरोपी मुकुल पुलिस को देखकर गन्ने के खेत की ओर भाग निकला।
पुलिस टीम ने जब उसका पीछा किया तो आरोपी मुकुल ने पुलिस पार्टी पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुकुल के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया और तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25 वर्ष) पुत्र मगता निवासी वाल्मीकि बस्ती, शिव मंदिर के पास, बहादराबाद हरिद्वार, भूपेंद्र (23 वर्ष) पुत्र विजय कुमार निवासी मंसूरपुर झोरा, थाना मंसूरपुर, जनपद मुजफ्फरनगर और मुकुल (25 वर्ष) पुत्र कन्हैया निवासी ग्राम बमोरी, थाना सरधना, जनपद मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। ये मुकुल के कब्जे से मिले, जबकि भूपेंद्र के पास से 315 बोर का एक तमंचा बरामद किया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी हरिद्वार भी अस्पताल पहुंचे और घायल बदमाश के संबंध में जानकारी लेने के साथ ही पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। उनके आपराधिक इतिहास और अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

