
हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में अराजकता, हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने वालों और संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत हल्द्वानी पुलिस ने रामलीला मैदान क्षेत्र में चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को अवैध हथियार और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।
एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं अपर पुलिस अधीक्षक/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा चौकी मंगल पड़ाव क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान रामलीला मैदान में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध 12 बोर तमंचा बरामद हुआ। इसके अलावा पुलिस ने कुल 17 जिंदा कारतूस भी बरामद किए, जिनमें 13 कारतूस 12 बोर और 4 कारतूस 32 बोर के बताए गए हैं।
अवैध हथियार और कारतूस बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान पंकज बेलवाल पुत्र स्वर्गीय त्रिलोक बेलवाल, निवासी लछमपुर चौराहा, गोलापार, थाना काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम में चौकी प्रभारी मंगल पड़ाव उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल इसरार नवी, कांस्टेबल धीरज कुमार और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे। नैनीताल पुलिस का कहना है कि जनपद में अवैध हथियार रखने वालों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले संदिग्ध तत्वों के खिलाफ चेकिंग और कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
