245 दुग्ध समितियों के चुनाव में बड़ा उलटफेर, मुकेश बोरा की 12वीं जीत; गोविंद मेहता तीसरी बार निर्विरोध, पूर्व चेयरमैन हारे

Spread the love

लालकुआं। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड के पर्वतीय क्षेत्र की 245 दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों में प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। चुनाव में 238 समितियों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर निर्विरोध निर्वाचन हुआ, जबकि सात समितियों में मतदान के जरिए पदाधिकारियों का चयन किया गया। चुनाव परिणामों में कई महत्वपूर्ण सियासी और सहकारी समीकरण देखने को मिले।

नैनीताल दुग्ध संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा ने च्यूरीगाड़ दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से अध्यक्ष पद पर लगातार 12वीं बार निर्विरोध जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा। बताया गया कि वर्ष 1996 से वह लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होते आ रहे हैं।

वहीं दुग्ध संघ के संचालक मंडल के सदस्य गोविंद सिंह मेहता ने बिंदुखत्ता रावत नगर सेकेंड दुग्ध समिति से तीसरी बार अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित होकर अपनी पकड़ बरकरार रखी। इसके अलावा संचालक मंडल सदस्य दीपा रैकवाल ने भगवतपुर दुग्ध समिति और हेमा पड़ियाड ने वुडाधुरा दुग्ध समिति से अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की।

बिंदुखत्ता टूटी पुलिया दुग्ध समिति से नवीन पपोला अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं चुनाव का सबसे चर्चित परिणाम बोरिंग पट्टा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति से सामने आया, जहां नैनीताल दुग्ध संघ के पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी को करारी हार का सामना करना पड़ा। अध्यक्ष पद के चुनाव में जगदीश पंत ने भरत सिंह नेगी को मात देकर जीत हासिल की। इस परिणाम के बाद समिति के चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

245 समितियों में से अधिकांश में निर्विरोध निर्वाचन होने को सहकारिता की भावना, आपसी समन्वय और संगठनात्मक एकजुटता के रूप में देखा जा रहा है। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विभिन्न समितियों में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और प्रबंध कमेटी के सदस्यों के स्वागत एवं अभिनंदन का सिलसिला भी शुरू हो गया है। विजयी पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ और मालाएं पहनाकर बधाई दी जा रही है।

नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा सहित संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, कारखाना प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह राणा, एफओ शांति कोरंगा, सहायक महिला डेरी गीता ओझा, मीना रौतेला, रश्मि धामी, सुरेश चंद्र, स्टोर प्रभारी खलील अहमद, प्रभारी रमेश आर्या, विपिन तिवाड़ी, कमलेश कुमार, महेश पांडे, जेई दिनेश कुलौरा, विजय चौहान और विमल कुमार ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और दुग्ध उत्पादकों के हित में मिलकर कार्य करने की अपेक्षा जताई।

इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश कुनियाल समेत कई भाजपाइयों, जनप्रतिनिधियों, दुग्ध उत्पादकों और समिति सदस्यों ने भी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। चुनाव परिणामों में मुकेश बोरा की लगातार 12वीं निर्विरोध जीत और गोविंद सिंह मेहता की तीसरी निर्विरोध जीत जहां चर्चा में रही, वहीं पूर्व चेयरमैन भरत सिंह नेगी की हार को चुनाव का बड़ा उलटफेर माना जा रहा है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *