रेलवे मामले की सुनवाई से पहले बनभूलपुरा में पुलिस का फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

Spread the love

हल्द्वानी। हल्द्वानी के बहुचर्चित रेलवे मामले को लेकर 9 सितंबर को उच्चतम न्यायालय में सुनवाई होनी है। सुनवाई को देखते हुए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रहे हैं। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए बनभूलपुरा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

इसी क्रम में मंगलवार 8 सितंबर को पुलिस ने बनभूलपुरा क्षेत्र में फ्लैग मार्च किया। पुलिस बल ने संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च कर लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाया। पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

एसएसपी मंजूनाथ टी.सी. ने बताया कि रेलवे मामले को लेकर 9 सितंबर को उच्चतम न्यायालय में सुनवाई प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। पुलिस लगातार क्षेत्र में निगरानी रख रही है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। पुलिस की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *