हल्द्वानी में सफाई अभियान का महाअभियान! सुभाषनगर में मेयर ने संभाली कमान, अतिक्रमण पर भी सख्ती के संकेत

Spread the love

हल्द्वानी-काठगोदाम। शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने वार्ड संख्या 06 सुभाषनगर में विशेष सफाई अभियान चलाया। हनुमत सेवा सदन के समीप आयोजित अभियान का नेतृत्व महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने किया। अभियान के दौरान क्षेत्र की सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर कूड़ा-कचरा हटाया गया। साथ ही स्थानीय लोगों को स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने मौके पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को नियमित रूप से सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित शहर बनाना है। इसके लिए शहर के प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

अभियान के दौरान महापौर ने अतिक्रमण के मुद्दे पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों, फुटपाथों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। आम जनता की सुविधा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अभियान में नगर आयुक्त परितोष वर्मा, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें, कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें और नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियानों में सहयोग करें। अधिकारियों का कहना है कि जनसहयोग से ही हल्द्वानी-काठगोदाम को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य पूरा किया जा सकता है।

गजराज सिंह बिष्ट
महापौर, नगर निगम हल्द्वानी
परितोष वर्मा
नगर आयुक्त, नगर निगम हल्द्वानी

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *