
देहरादून। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रायपुर थाना क्षेत्र की एमडीडीए आमवाला स्थित “आल्यम” हाउसिंग परियोजना की निर्माणाधीन साइट पर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किया गया सामान बरामद करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को राकेश शर्मा ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि एमडीडीए आमवाला स्थित “आल्यम” हाउसिंग परियोजना की निर्माणाधीन साइट से अज्ञात व्यक्तियों ने तार और सेनेटरी का सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर थाना रायपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई। पुलिस ने सुरागरसी और मुखबिर की सूचना के आधार पर 9 अगस्त 2026 को आईटी पार्क क्षेत्र में चेकिंग के दौरान दो आरोपियों को चोरी के सामान और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ललित कुमार (24 वर्ष) पुत्र स्व. संजय सिंह, निवासी ग्राम भरतपुर, थाना बढ़ापुर, नगीना, जनपद बिजनौर, उत्तर प्रदेश और विक्रांत (19 वर्ष) पुत्र चरण सिंह, निवासी ग्राम सलोनी, थाना मकबरा, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दोनों नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोरी किए गए सामान को बेचने की तैयारी में थे, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 बंडल तार, सेनेटरी का सामान और घटना में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK-07-HM-3044 बरामद की है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, चौकी प्रभारी मयूर विहार, अपर उपनिरीक्षक सुनील रावत, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पंवार, कांस्टेबल मनोज और कांस्टेबल मुकेश कंडारी शामिल रहे।
