हल्द्वानी में अवैध रैपिडो बाइक सेवा पर बड़ा एक्शन, सादे कपड़ों में पहुंचे परिवहन कर्मियों ने 6 वाहन किए सीज

Spread the love

हल्द्वानी। शहर में अवैध रूप से संचालित हो रही रैपिडो बाइक सेवाओं के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ा अभियान चलाते हुए छह प्राइवेट मोटरसाइकिल और स्कूटी को सीज कर दिया। विभिन्न क्षेत्रों से निजी वाहनों के जरिए व्यावसायिक रूप से सवारी ढोने की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह कार्रवाई की गई।

संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अरविंद पांडे ने बताया कि अभियान के तहत परिवहन कर अधिकारी जगदीश चंद्र और उनकी टीम ने विशेष रणनीति अपनाई। परिवहन विभाग के आरक्षियों को सादे कपड़ों में आम यात्री बनाकर रैपिडो ऐप के माध्यम से बाइक बुक कराई गई। जैसे ही चालक यात्रियों को छोड़ने पहुंचे, मौके पर मौजूद टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया और छह निजी वाहनों को सीज कर दिया।

आरटीओ ने स्पष्ट किया कि सफेद नंबर प्लेट वाले वाहन केवल निजी उपयोग के लिए होते हैं और उनका व्यावसायिक उपयोग मोटर वाहन अधिनियम के तहत पूरी तरह प्रतिबंधित है। किराए पर सवारी ढोने की अनुमति केवल पीले नंबर प्लेट वाले व्यावसायिक वाहनों को ही है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माने के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी ऑनलाइन ऐप के माध्यम से निजी वाहनों का कमर्शियल इस्तेमाल न करें। ऐसा करने पर न केवल वाहन सीज किया जा सकता है, बल्कि वाहन का पंजीकरण निलंबित या निरस्त भी किया जा सकता है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रूप से संचालित रैपिडो बाइक और अन्य निजी वाहनों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *