हल्द्वानी। 59 हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत नगर निगम हल्द्वानी के कार्मिक (लिपिक) एवं बीएलओ विजय कर्नाटक ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए अपना कार्य शत-प्रतिशत पूरा कर लिया है। इसके साथ ही वह विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का कार्य पूर्ण करने वाले पहले बीएलओ बन गए हैं। रानीबाग क्षेत्र, नई बस्ती और रोडवेज डिपो के समीप स्थित कमेटी लाइन क्षेत्र में बीएलओ का दायित्व निभा रहे विजय कर्नाटक ने प्री-एसआईआर अभियान की शुरुआत से ही लगातार दिन-रात मेहनत करते हुए मतदाताओं के आवश्यक प्रपत्र भरवाए और सोमवार, 22 जून को अपना लक्ष्य पूरी तरह हासिल कर इसकी रिपोर्ट सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी को सौंप दी।
कार्य पूर्ण होने पर सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी ने विजय कर्नाटक के कार्य की सराहना करते हुए उनकी मेहनत की प्रशंसा नगर आयुक्त पारितोष वर्मा से भी की। विजय कर्नाटक ने अपनी इस सफलता का श्रेय सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, बीएलओ सुपरवाइजर विनोद भट्ट, अतिरिक्त एईआरओ राजेश पांडे, अपने सहयोगियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के बीएलए तथा क्षेत्र की जागरूक जनता को दिया। उन्होंने कहा कि मतदाताओं के सहयोग और विश्वास के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी तथा सभी के प्रति उन्होंने आभार व्यक्त किया।
