- ग्रामीणों ने भालू को पकड़ने की उठाई मांग, पुलिस जुटी जानकारियों में
रेखाल खता। क्षेत्र के रेखाल खता गांव में कल रात जंगल में भैंसों को लाने गए एक व्यक्ति की वन्यजीवों के हमले में मौत हो गई। पुलिस क्षेत्र अधिकारी अमित सैनी के अनुसार, प्रथम सूचना में मामला भालू के हमले का बताया गया है, । पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी आरिफ (45 वर्ष) पुत्र मोहम्मद ताहिर कल देर शाम अपनी भैंसों को वापस लाने के लिए नजदीकी जंगल में गए हुए थे। देर रात एक कॉलर ने पुलिस को सूचना दी कि एक व्यक्ति को भालू ने हमला कर मार डाला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस क्षेत्र अधिकारी अमित सैनी ने बताया, “शुरुआती रिपोर्ट में भालू के हमले की बात कही गई थी, लेकिन अभी हम इस पहलू की भी पुष्टि कर रहे हैं वन विभाग को भी सूचित कर दिया गया है।”
घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने प्रशासन से हमलावर भालू को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है ताकि गांव के अन्य लोगों और मवेशियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा सभी बिंदुओं पर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
