हल्द्वानी। जनपद नैनीताल पुलिस ने अपनी सक्रियता और तकनीकी दक्षता का शानदार उदाहरण पेश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच गुम हुए करीब 200 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। बरामद मोबाइल की कुल कीमत करीब 37.48 लाख रुपये आंकी गई है, जिससे सैकड़ों लोगों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई है।
इस अभियान को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में अंजाम दिया गया। पुलिस की मोबाइल ऐप सेल और साइबर सेल टीम ने लगातार मेहनत और तकनीकी विश्लेषण के जरिए इस सफलता को संभव बनाया।
पुलिस को गुमशुदा मोबाइल फोन की जानकारी मोबाइल ऐप और CEIR पोर्टल के माध्यम से प्राप्त हुई, जिसके बाद एक विशेष टीम गठित कर कार्रवाई शुरू की गई। टीम ने IMEI नंबर ट्रैकिंग के जरिए उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों से मोबाइल फोन बरामद किए।
बरामद मोबाइल में आईफोन, सैमसंग, ओप्पो, वीवो, वनप्लस, रियलमी और रेडमी जैसी नामी कंपनियों के फोन शामिल हैं। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए।

मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जाहिर करते हुए नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस अभियान की सफलता में उपनिरीक्षक मीनू गौतम, कांस्टेबल किशन सिंह कुंवर और कांस्टेबल रामचंद्र प्रजापति की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आम जनता की समस्याओं के समाधान और अपराध नियंत्रण के लिए इस तरह की तकनीकी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
