उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री उत्तराखंड के ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशे के कारोबार पर करारा प्रहार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देश पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने कोतवाली किच्छा क्षेत्र में स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 133 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 40 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अभियुक्ता की पहचान सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दों कौर (42 वर्ष) पत्नी वसीम सिंह निवासी टिब्बा लालपुर, किच्छा, जनपद उधमसिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि वह लालपुर निवासी जसवंत सिंह नामक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर उसे ऊंचे दामों पर बेचती थी। वह पिछले करीब डेढ़ साल से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थी और किच्छा, रुद्रपुर, हल्द्वानी सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करती थी।
पुलिस के अनुसार अभियुक्ता पूर्व में कच्ची शराब के मामले में जेल भी जा चुकी है। STF और स्थानीय पुलिस की इस संयुक्त कार्रवाई को ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स टीम से निरीक्षक पावन स्वरूप, उपनिरीक्षक विनोद चंद्र जोशी, आरक्षी वीरेंद्र चौहान और इसरार अहमद शामिल रहे, जबकि कोतवाली किच्छा पुलिस टीम में निरीक्षक प्रकाश दानू, उपनिरीक्षक बसंत प्रसाद, कांस्टेबल विजय नाथ, कांस्टेबल मदन रावत और महिला कांस्टेबल गीता की अहम भूमिका रही।
