
हल्द्वानी। कोतवाली हल्द्वानी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां मारपीट के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने घटना के महज चार घंटे के भीतर नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा कर दिया।

राम मंदिर बगीचा बरेली रोड निवासी अंकित जायसवाल ने 4 फरवरी 2026 की रात को कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 3 फरवरी 2026 की रात करीब 11 बजे उनके चाचा संदीप जायसवाल घर पहुंचे और उनके छोटे चाचा सोनू जायसवाल के साथ मारपीट कर दी। मारपीट में सोनू जायसवाल को गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने हत्या के कारणों के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच और सुरागरसी करते हुए मात्र चार घंटे के भीतर नामजद आरोपी संदीप जायसवाल पुत्र स्वर्गीय लल्लन प्रसाद जायसवाल निवासी राम मंदिर बगीचा बरेली रोड हल्द्वानी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से एक 32 बोर रिवाल्वर, दो जिंदा कारतूस और हत्या में प्रयुक्त लोटा बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्तमान में जमानत पर चल रहा था और उसके छोटे भाई की तबीयत खराब रहने के कारण आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी तनाव के चलते उसने शराब के नशे में अपने भाई के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।


