हल्द्वानी। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर यूयूएसडीए के अभियंताओं, ठेकेदारों और कर्मचारियों ने बड़ी श्रद्धा और धूमधाम के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर यूयूएसडीए के तीनों पैकेज के कार्यस्थलों व कार्यालयों पर भगवान विश्वकर्मा की मूर्ति की स्थापना कर हवन-पूजन किया गया।
कार्यक्रम में अभियंताओं और श्रमिकों ने भाग लेकर औजारों और मशीनों की पूजा की तथा व्यावसायिक वृद्धि, समृद्धि और परियोजनाओं की सफलता की कामना की।
पूजन के उपरांत प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी कर्मचारियों, श्रमिकों और ठेकेदारों ने भाग लिया। पूरा माहौल धार्मिक उत्साह और श्रद्धा से सराबोर रहा।


