
नैनीताल: जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों और आगामी रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जनपद नैनीताल में मिलावटखोरी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। बुधवार 27 अगस्त 2026 को हल्द्वानी, हल्द्वानी ग्रामीण, भीमताल-भवाली और रामनगर क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण करते हुए विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
अभियान का उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ एवं मिठाइयां उपलब्ध कराना तथा त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी पर प्रभावी रोक लगाना रहा। हल्द्वानी एवं भीमताल-भवाली क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 8 खाद्य विनिर्माण एवं मिठाई विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान स्टैंडर्ड स्वीट हाउस से बेसन लड्डू, श्री बृजवासी स्वीट शॉप से कलाकंद, मारुति ओवरसीज भीमताल से ताजा साल्ट और रायता क्रस्टेड पाउडर तथा वैरायटी स्वीट्स भीमताल से खोया बर्फी के विधिक नमूने लिए गए। वहीं हल्द्वानी में घेवर और गुलाब जामुन के सर्वे नमूने भी संग्रहित किए गए।
हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नन्दकिशोर द्वारा 5 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान वत्सला स्वीट शॉप से मिल्क केक का विधिक नमूना तथा बालूशाही और छैना रसगुल्ला के सर्वे नमूने लिए गए।
रामनगर एवं कालाढूंगी क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने 7 खाद्य प्रतिष्ठानों का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्वच्छता मानकों और खाद्य पदार्थों के भंडारण की स्थिति की जांच की गई तथा कारोबारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए गए। यहां घी का विधिक नमूना तथा चोको चिप्स कुकीज और घेवर के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।
निरीक्षण के दौरान रामनगर क्षेत्र में एक खाद्य कारोबारी बिना वैध खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीकरण के व्यवसाय संचालित करता पाया गया। संबंधित व्यापारी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत 7 दिवस का सुधारात्मक नोटिस जारी करते हुए तत्काल लाइसेंस बनवाने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में लाइसेंस नहीं बनवाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हल्द्वानी क्षेत्र में भी दो प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है। अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह सहित विभागीय टीम शामिल रही।
संग्रहित विधिक एवं सर्वे नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर और खाद्य विश्लेषक को परीक्षण के लिए भेजा गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि त्योहारों के दौरान मिलावटी, असुरक्षित और निम्न गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मिलावटखोरों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
