हल्द्वानी। घुटना प्रत्यारोपण का इंतजार कर रहे मरीजों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें महंगे निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय के अस्थि रोग विभाग द्वारा सफलतापूर्वक घुटना प्रत्यारोपण (टीकेआर) किया जा रहा है।
हाल ही में 60 वर्षीय राजेन्द्र सिंह, निवासी बिंदुखत्ता, जो ग्रेड-4 ऑस्टियोआर्थराइटिस से पीड़ित थे, का घुटना प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किया गया। यह ऑपरेशन अस्थि रोग विभाग के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. कृष्ण देव सिंह यादव एवं उनकी चिकित्सकीय टीम द्वारा विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज सिंह के मार्गदर्शन में किया गया।
डॉ. कृष्ण देव सिंह यादव ने बताया कि मरीज को लंबे समय से बाएं घुटने में अत्यधिक दर्द और चलने में कठिनाई हो रही थी। ओपीडी में जांच के बाद उन्हें टीकेआर (संपूर्ण घुटना प्रतिस्थापन) की सलाह दी गई। सफल सर्जरी के बाद अब मरीज स्वस्थ हैं और तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
चिकित्सालय प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि इस प्रकार का ऑपरेशन निजी अस्पतालों में लाखों रुपये में होता है, जबकि राजकीय चिकित्सालय में यह सुविधा बहुत ही रियायती दरों में उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को विशेष राहत मिलेगी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण जोशी ने इस सफल ऑपरेशन पर अस्थि रोग विभाग की पूरी टीम को बधाई दी और कहा कि डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए एक वरदान साबित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि चिकित्सालय में चिकित्सक निरंतर नई तकनीकों का प्रयोग कर जटिल से जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक कर रहे हैं। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में डॉ. कृष्ण देव सिंह यादव, डॉ. पंकज सिंह, डॉ. सचिन, एनेस्थीसिया विभाग और संपूर्ण टीम का विशेष योगदान रहा।
