विधानसभा भवन में आग लगने की घटना, बड़ा हादसा टला

देहरादून: थाना नेहरू कॉलोनी और फायर स्टेशन देहरादून को आज दिनांक 11 अप्रैल को एक गंभीर सूचना प्राप्त हुई कि विधानसभा भवन के द्वितीय तल पर स्थित एक कार्यालय में आग लग गई है। सूचना मिलते ही तत्काल थाना नेहरू कॉलोनी से पुलिस बल और फायर स्टेशन से दमकल वाहन मौके पर रवाना किए गए।

दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। यह आग विधानसभा भवन की कैंटीन के ठीक ऊपर बने कार्यालय में लगी थी। गनीमत रही कि समय पर कार्रवाई के चलते आग फैलने से पहले ही बुझा दी गई, जिससे एक बड़े हादसे को टाल दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग लगने से कार्यालय की खिड़कियों और दरवाजों पर लगे परदे पूरी तरह जल गए हैं, जबकि कार्यालय में रखी अन्य सामग्री को आंशिक नुकसान पहुँचा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून स्वयं विधानसभा भवन पहुंचे और मौके पर उपस्थित अधिकारियों से घटना के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही, उन्होंने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं।

पुलिस और फायर विभाग की तत्परता से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना के संबंध में आगे की जांच जारी है।