
हल्द्वानी। ठंडी सड़क पर हुई सड़क दुर्घटना में घायल अस्पताल मैनेजर का हाल जानने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. शनिवार को कृष्णा हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने घायल मैनेजर डॉ. हरभजन सिंह का कुशलक्षेम जाना और उपचार कर रही चिकित्सक टीम से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

एसएसपी ने अस्पताल प्रबंधन, परिजनों और स्टाफ को हर संभव पुलिस सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार और लापरवाही से दुर्घटना करने वाले अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वाहन को सीज कर दिया गया है।
ठंडी सड़क पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए निरीक्षण
घटना के बाद एसएसपी ने प्रशासन, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के साथ ठंडी सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सड़क पर दुर्घटना संभावित स्थानों, विशेषकर स्कूल और अस्पतालों के आसपास स्पीड ब्रेकर लगाने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने संबंधित विभागों के साथ मौके पर ही संभावित स्थानों की मार्किंग करवाई और अधिकारियों को शीघ्र निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश दिए।
कई अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हल्द्वानी परितोष वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट गोपाल सिंह चौहान, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, पीडब्ल्यूडी और नगर निगम के अधिकारी सहित पुलिस टीम मौजूद रही।
एसएसपी का जनता से संदेश
एसएसपी ने आम जनता से यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि रैश ड्राइविंग और तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और आवश्यक होने पर मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा।


