बनभूलपुरा में बैटरी चोरी गैंग का खुलासा, 4 शातिर गिरफ्तार, 6 बैटरियां बरामद

Spread the love

हल्द्वानी: नैनीताल जनपद में बैटरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए बनभूलपुरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ० मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से छह ट्रक बैटरियां और चोरी में प्रयुक्त वाहन बरामद किया है।

घटना के संबंध में वादी जुहैब आलम निवासी आजाद नगर द्वारा थाना बनभूलपुरा में तहरीर देकर बताया गया था कि 7 फरवरी 2026 को उनका डम्पर इंद्रानगर गेट के पास खड़ा था, जहां से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए थे। जांच के दौरान आसपास खड़े अन्य वाहनों से भी बैटरियां चोरी होने की जानकारी सामने आई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सुरागरसी, पतारसी और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन करने के बाद 14 फरवरी 2026 को गौला बाईपास रोड से आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में विनोद कुमार, रंजीत सिंह पुत्र ख्याली राम, रंजीत सिंह पुत्र राम भरोसे निवासी ग्राम पिण्डारी अशोक थाना बहेड़ी जिला बरेली तथा जलील अहमद निवासी अब्बास नगर बहेड़ी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार और विभिन्न कंपनियों की छह ट्रक बैटरियां बरामद की हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गौला नदी के पास खड़े ट्रकों से कई बार बैटरियां चोरी कर चुके हैं और चोरी की बैटरियां कबाड़ी जलील अहमद को बेच देते थे। कुछ बैटरियां आसपास छिपाकर रखते थे और मौका मिलने पर उन्हें भी निकालकर बेच देते थे। आरोपियों ने यह भी बताया कि पहले चोरी की गई बैटरियों को कबाड़ी द्वारा तोड़कर आगे बेच दिया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य तीन अभियुक्तों के खिलाफ थाना बहेड़ी जिला बरेली में पूर्व में भी चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं, जबकि कबाड़ी जलील अहमद का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस टीम- व०उ0नि0 गगनदीप सिंह, उ0नि0 मनोज यादव, कानि0 महबूब अली, कानि0 सुनील कुमार, कानि० मो० यासीन


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *