हल्द्वानी: महिलाओं की सुरक्षा और जन जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हल्द्वानी में एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। सेवायोजन निदेशालय के अपर निदेशक आईटीआई, ऋचा सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि जिलाधिकारी नैनीताल, वंदना सिंह के निर्देश पर यह अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत महिलाओं और स्कूली छात्रों को उनके मार्ग में आने वाली कठिनाइयों को साझा करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान, छात्रों और महिलाओं से उन स्थानों को चिन्हित करने के लिए कहा जा रहा है जहाँ उन्हें आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्राप्त सुझावों पर प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है, ताकि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पहल की सराहना की है, वहीं मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने नैनीताल प्रशासन के इस कदम की प्रशंसा करते हुए इसे पूरे प्रदेश में लागू करने की प्रेरणा दी है। यह अभियान महिलाओं के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने और उनकी सुरक्षा को सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
