हल्द्वानी के स्पा सेंटरों पर AHTU का शिकंजा, 6 सेंटरों पर कार्रवाई; ₹30 हजार संयोजन शुल्क वसूला

Spread the love

हल्द्वानी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपद में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों और निर्धारित मानकों के अनुपालन की जांच के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) नैनीताल ने हल्द्वानी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान नियमों में अनियमितता पाए जाने पर छह स्पा सेंटरों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

म0उ0नि0 सुनीता कुंवर, प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट नैनीताल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हल्द्वानी क्षेत्र के विभिन्न स्पा सेंटरों का निरीक्षण किया। चेकिंग के दौरान अभिलेखों और कर्मचारियों के पुलिस सत्यापन से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। पुलिस के अनुसार कई प्रतिष्ठानों में ग्राहकों का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जा रहा था, जबकि कुछ स्पा सेंटरों में कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं कराया गया था।

इन अनियमितताओं को लेकर पुलिस ने ग्रीन टी स्पा, लुक थाई स्पा, गोल्डन स्पा, फॉरएवर स्पा, योर्स स्पा और क्लाउड 9 स्पा के विरुद्ध पुलिस एक्ट के अंतर्गत नियमानुसार कार्रवाई की। सभी छह प्रतिष्ठानों से कुल ₹30,000 का संयोजन शुल्क वसूला गया।

नैनीताल पुलिस ने स्पा सेंटर संचालकों को निर्देश दिए हैं कि प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए और आने वाले प्रत्येक ग्राहक का पूर्ण एवं सही विवरण निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस के मुताबिक मानव तस्करी की रोकथाम और महिलाओं की सुरक्षा के दृष्टिगत स्पा सेंटरों समेत ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित निगरानी और चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *