हाईवे पर ई रिक्शा चलने पर प्रतिबंध

हल्द्वानी: यातायात जागरूकता और नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए नैनीताल पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। 10-11 अक्टूबर 2024 को एसपी ट्रैफिक/क्राइम नैनीताल, हरबंस सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस हल्द्वानी और सीपीयू ने संयुक्त अभियान चलाकर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 214 आटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

नैनीताल पुलिस ने हल्द्वानी शहर के विभिन्न मार्गों को तिपहिया वाहनों के संचालन के लिए प्रतिबंधित क्षेत्र या जीरो जोन घोषित किया है, जिसमें शामिल हैं:

  • मंगलपडाव टैम्पू स्टैण्ड से सिंधी चौराहे की ओर
  • सरगम टैम्पू स्टैण्ड से हिन्दु धर्मशाला की ओर
  • भोलानाथ टैम्पू स्टैण्ड से कालाढुंगी तिराहा की ओर
  • नैनीताल बैंक तिराहा से रोडवेज चौराहा की ओर

सड़क सुरक्षा समिति द्वारा हाईवे नैनीताल रोड, बरेली रोड, रामपुर रोड और कालाढूंगी रोड पर ई-रिक्शा संचालन को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित किया गया है। आगामी त्योहारों के मद्देनजर, पुलिस इन प्रतिबंधित क्षेत्रों में निरंतर चेकिंग कर रही है।

यातायात प्रभारी, शिवराज सिंह ने सभी आटो, ई-रिक्शा और टैक्सी चालकों को अवगत कराया है कि वे इन क्षेत्रों में वाहन न चलाएं। उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

नैनीताल पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों और चालकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित स्टैण्ड से ही वाहनों का संचालन करें और यातायात नियमों का पालन करके शहर में सुगम यातायात व्यवस्था में सहयोग प्रदान करें।