
हल्द्वानी में नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अर्पण यदुवंशी ने अपना कार्यभार संभाल लिया है। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। एसएसपी ने कहा कि जिले में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। इसके साथ ही महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पर विशेष फोकस किया जाएगा।
एसएसपी अर्पण यदुवंशी ने कहा कि हल्द्वानी सहित पूरे जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाएगा। खासतौर पर पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट जैसे बढ़ते मामलों को देखते हुए आम जनता को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि जिले में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर काम किया जाएगा। नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आम जनता को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी गंभीरता से कार्य करेगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि महिला सुरक्षा, क्राइम कंट्रोल और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।

