हल्द्वानी के PSP अस्पताल में गर्भवती महिला की मौत से हड़कंप, परिजनों ने लगाए लापरवाही के आरोप; स्वास्थ्य विभाग ने शुरू किया ऑडिट

  • रामपुर रोड स्थित PSP अस्पताल में इलाज के दौरान हुई महिला की मौत

हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित PSP अस्पताल में इलाज के दौरान गर्भवती महिला की मौत का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने मामले में निष्पक्ष जांच कर अस्पताल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने भी गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मातृ मृत्यु की जांच और विस्तृत ऑडिट की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि PSP अस्पताल में गर्भवती महिला की मृत्यु होने की सूचना मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतका गोलापार क्षेत्र की रहने वाली थी। उन्होंने बताया कि मातृ मृत्यु के प्रत्येक मामले की रिपोर्टिंग और समीक्षा मैटरनल डेथ सर्विलांस एंड रिस्पॉन्स (MDSR) के तहत अनिवार्य है। इसी क्रम में संबंधित अस्पताल प्रबंधन को पत्र भेजकर 24 से 48 घंटे के भीतर निर्धारित प्रारूप में विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएमओ ने बताया कि अस्पताल से महिला की मृत्यु के कारणों, उपचार के दौरान अपनाई गई प्रक्रिया और अन्य चिकित्सकीय पहलुओं की जानकारी मांगी गई है, ताकि पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके। इसके अलावा गोलापार क्षेत्र मोटाहल्दू के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी (MOIC) की टीम को महिला के घर जाकर सामुदायिक स्तर पर आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम यह भी जांच करेगी कि गर्भावस्था के दौरान महिला को नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, कैल्शियम और फोलिक एसिड जैसी आवश्यक सुविधाएं मिली थीं या नहीं। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि गर्भावस्था के दौरान महिला को हाई रिस्क श्रेणी में चिह्नित किया गया था या नहीं और स्वास्थ्य विभाग की ओर से निर्धारित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई थीं या नहीं।

डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि अस्पताल की रिपोर्ट और सामुदायिक स्तर पर किए जाने वाले आकलन के आधार पर मातृ मृत्यु के कारणों का विस्तृत विश्लेषण किया जाएगा। पहले उनकी अध्यक्षता में मामले की समीक्षा होगी और इसके बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता में भी मातृ मृत्यु ऑडिट कराया जाएगा।

फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उपचार के दौरान किसी स्तर पर लापरवाही बरती गई या नहीं, यह जांच का विषय है। स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक तस्वीर सामने आ सकेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी नैनीताल डॉ. रश्मि पंत