हल्द्वानी में मिठाई की दुकानों पर नया नियम लागू, अब हर ट्रे पर लिखनी होगी एक्सपायरी डेट!

हल्द्वानी। मिठाई खरीदने वाले ग्राहकों के लिए राहत भरी खबर है। अब दुकानों में खुली और बिना पैकेट वाली मिठाइयों के साथ बेकरी उत्पादों की ट्रे और कंटेनर पर निर्माण तिथि और इस्तेमाल की अंतिम तिथि लिखना अनिवार्य होगा। खाद्य सुरक्षा विभाग के निर्देशानुसार यह व्यवस्था 26 अक्टूबर से पूरे प्रदेश में लागू की जा रही है। इससे ग्राहक आसानी से जान सकेंगे कि मिठाई कब बनी है और उसे कब तक खाना सुरक्षित है।

नए नियम के अनुपालन को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने शनिवार को हल्द्वानी में मिठाई और बेकरी कारोबारियों के साथ बैठक की। इस दौरान कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा आयुक्त की ओर से 17 अक्टूबर को जारी आदेश की जानकारी देते हुए नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, ताजगी और सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान देना होगा।

बैठक में कारोबारियों को मिठाइयों और बेकरी उत्पादों को दूषित होने से बचाने, दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य पदार्थों को खराब होने से रोकने के लिए उचित तापमान पर रखने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से दूध से तैयार होने वाली मिठाइयों को सुरक्षित तापमान पर रखने की सलाह दी गई, ताकि उनकी गुणवत्ता बनी रहे और ग्राहकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। कारोबारियों की समस्याओं और नए नियम को लेकर उनकी शंकाओं पर भी चर्चा की गई।

हल्द्वानी में मिठाई की दुकानों पर नया नियम लागू, अब हर ट्रे पर लिखनी होगी एक्सपायरी डेट!

सहायक आयुक्त एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजब सिंह रावत ने ग्राहकों से भी अपील की कि वे मिठाई खरीदते समय उसकी ताजगी, निर्माण तिथि और इस्तेमाल की अंतिम तिथि जरूर जांचें। उन्होंने रसगुल्ला, रसमलाई, रबड़ी, कलाकंद, मिल्क केक और चमचम जैसी जल्दी खराब होने वाली मिठाइयों को निर्माता के निर्देशों के अनुसार सुरक्षित तापमान पर रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करना कारोबारियों की जिम्मेदारी है, जिससे उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।

बैठक में व्यापार मंडल के हितेंद्र भसीन, मिठाई कारोबारी विपिन उप्रेती, अनिल गुप्ता, अंकुर सती और लक्ष्मण सिंह सहित बेकरी कारोबारी आदित्य शंकर, मोनिका, ललित पांडेय, ललित बडसीलिया, कमल, अनुपम किशोर और पवन दुबे मौजूद रहे। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह ने भी बैठक में भाग लिया।