
हल्द्वानी। छात्रसंघ चुनाव की तारीख तय होने के बाद पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अराजकता और हुड़दंग को रोकने के लिए शहर के अलग-अलग चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी और सीओ समेत पुलिस की टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर वाहनों की चेकिंग कर रही हैं। इस दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस का फोकस छात्रसंघ चुनाव के दौरान माहौल बिगाड़ने वाले अराजकतत्वों पर है। पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और हुड़दंग या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
