हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज के इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, ₹17 हजार से ₹30 हजार स्टाइपेंड की मांग

Spread the love

हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर शुरू हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय परिसर में इंटर्न डॉक्टरों ने प्रदर्शन कर अपनी मांगों को दोहराया।

इंटर्न डॉक्टर वर्तमान में मिल रहे ₹17 हजार मासिक स्टाइपेंड को बढ़ाकर ₹30 हजार करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा महंगाई और अन्य राज्यों में एमबीबीएस इंटर्न को दिए जा रहे स्टाइपेंड की तुलना में उन्हें मिलने वाली राशि काफी कम है।

डॉक्टरों के अनुसार, स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर शासन और संबंधित अधिकारियों के समक्ष कई बार मांग रखी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया। इसके बाद मजबूर होकर उन्हें अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करना पड़ा।

ओपीडी और वार्ड ड्यूटी से दूर इंटर्न

हड़ताल के चलते इंटर्न डॉक्टर ओपीडी, आईपीडी, वार्ड और नियमित विभागीय इंटर्नशिप ड्यूटी से दूर हैं। हालांकि मरीजों की गंभीरता को देखते हुए इंटर्न डॉक्टरों ने आपातकालीन सेवाओं को हड़ताल से बाहर रखा है। उनका कहना है कि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है।

इंटर्न डॉक्टर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक अस्पताल परिसर में प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मुख्य मांग पर शासन की ओर से सकारात्मक और लिखित निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

शासन के रुख पर टिकी नजर

लगातार दूसरे दिन जारी हड़ताल के बीच अब स्वास्थ्य विभाग और शासन के रुख पर सभी की निगाहें टिकी हैं। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो अस्पताल की नियमित व्यवस्थाओं पर इसका असर और बढ़ने की आशंका है। इंटर्न डॉक्टरों ने शासन से उनकी मांग पर जल्द निर्णय लेने की अपील की है।

डॉ नव्या शर्मा छात्र
डॉ मोहम्मद शबाब छात्र
डॉ रमिषा सचदेवा
डॉ शिवांगी छात्र
डॉ प्रशांत यादव छात्र

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *