वायरल वीडियो पर SSP का बड़ा एक्शन: काठगोदाम रोड पर डंडे लहराने वाले 15 युवक चिन्हित, वाहन सीज

Spread the love

हल्द्वानी-काठगोदाम मार्ग पर जन्माष्टमी पर्व की रात्रि वाहनों में सवार होकर डंडे लहराते हुए आमजन में भय और अराजकता का माहौल पैदा करने वाले युवकों के वायरल वीडियो पर SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में पुलिस ने कुल 15 युवकों की पहचान की है, जिनमें 8 बालिग और 7 नाबालिग शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित वाहनों को भी सीज कर दिया है।

SSP डॉ. मंजुनाथ टीसी ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए ASP/CO हल्द्वानी अमित सैनी को वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों और वाहनों की पहचान कर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर चौहान के नेतृत्व में चौकी प्रभारी काठगोदाम दिलीप कुमार और पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वीडियो में प्रयुक्त वाहनों का पता लगाया और युवकों की पहचान की।

पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 15 युवकों को चिन्हित कर थाने लाया। इनमें 8 बालिग युवकों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया और वीडियो में प्रयुक्त वाहनों को सीज किया गया।

चिन्हित बालिग युवकों में दीप गोगोई, पारस सिंह, करन कुमार, हरि किशोर, कृष्णा सिंह, नितिन, मुकेश शर्मा और कमलेश सम्मल शामिल हैं।

वहीं, मामले में शामिल 7 नाबालिग युवकों की काउंसलिंग की जा रही है। पुलिस ने उनके परिजनों को भी थाने बुलाया और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिनियम के तहत नाबालिगों के परिजनों के विरुद्ध भी कार्रवाई करते हुए जुर्माना जमा कराया गया है।

SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने दो टूक शब्दों में कहा कि जनपद में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी, अराजकता या सार्वजनिक स्थान पर भय का माहौल पैदा करने की कोशिश कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी कृत्य पर पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *