
ऊधमसिंह नगर | सितारगंज
उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सितारगंज तहसील के संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान को शिकायत दी थी कि भूमि की कुर्की समाप्त करने, जमीन को बंधन मुक्त कराने तथा पत्नी के केसीसी (KCC) लोन से संबंधित आरसी की कार्रवाई समाप्त कराने के एवज में संग्रह अमीन द्वारा ₹10,000 और वरिष्ठ सहायक द्वारा ₹6,000 की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान, हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम गठित की गई। बुधवार 29 जुलाई 2026 को विजिलेंस टीम ने कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से ₹8,000 तथा वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को ₹6,000 रिश्वत लेते हुए सितारगंज तहसील कार्यालय से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
विजिलेंस के अनुसार, मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।
सतर्कता अधिष्ठान ने आम जनता से भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री नंबर 1064 तथा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।
