रामनगर। नैनीताल पुलिस ने जिले में चलाए जा रहे अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए रामनगर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में संचालित हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU), एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रिसॉर्ट पर छापा मारकर 51 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक विधि विवादित किशोर को संरक्षण में लिया गया। कार्रवाई के दौरान बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई 10 महिलाओं, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को मुक्त कराया गया। पुलिस ने अवैध गतिविधियों के संचालन और साक्ष्य छिपाने के आरोप में पूरे रिसॉर्ट को सील कर दिया है।
पुलिस के अनुसार मुखबिर की सूचना पर की गई छापेमारी में रिसॉर्ट के भीतर अनैतिक देह व्यापार, शराब और नशे की पार्टी, महिलाओं से अश्लील नृत्य करवाने तथा उन पर नोट उड़ाने जैसी गतिविधियां चल रही थीं। मौके से शराब, बीयर, नकली नोटों की गड्डियां, मोबाइल फोन, लैपटॉप, आपत्तिजनक सामग्री और डांस कार्यक्रम में इस्तेमाल होने वाला साउंड सिस्टम समेत कई सामान बरामद किए गए।
पूछताछ में मुख्य आयोजक उमेन्द्र कुमार ने बताया कि उसने अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए पार्टी आयोजित की थी। जांच में सामने आया कि रिसॉर्ट को करीब 2.20 लाख रुपये में बुक किया गया था और प्रति महिला 10 हजार रुपये के हिसाब से व्यवस्था कराई गई थी। पुलिस के अनुसार रिसॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेन्द्र चौधरी ने होटल स्टाफ को आगंतुकों की एंट्री रजिस्टर में दर्ज न करने के निर्देश दिए थे ताकि साक्ष्य छिपाए जा सकें। फिलहाल जनरल मैनेजर फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, आबकारी अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने इस प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को ₹2,500 के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
