हल्द्वानी: हल्द्वानी में आयोजित “सोशल मीडिया मंथन विथ सीएम धामी” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स, कंटेंट क्रिएटर्स, डिजिटल वॉलेंटियर्स और युवाओं के साथ सीधा संवाद किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने सोशल मीडिया, रोजगार, उत्तराखंड के विकास, संस्कृति, राष्ट्रवाद और युवाओं की भूमिका जैसे विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे, जिनका मुख्यमंत्री ने बेबाकी और स्पष्टता के साथ जवाब दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का माध्यम नहीं रह गया है, बल्कि यह समाज में जागरूकता फैलाने, सकारात्मक बदलाव लाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का एक सशक्त प्लेटफॉर्म बन चुका है। उन्होंने युवाओं की क्षमता पर विश्वास जताते हुए कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में अपार प्रतिभा है और वे डिजिटल माध्यमों के जरिए अपनी आवाज वैश्विक स्तर तक पहुंचा सकते हैं।
उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मकता, सत्य और समाजहित के लिए करने की अपील की। साथ ही फेक न्यूज, भ्रामक सूचनाओं और समाज को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया पर जिम्मेदार और तथ्यपरक सामग्री साझा करना हर युवा की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने भी सोशल मीडिया को जनसंवाद का प्रभावी माध्यम बनाया है और युवाओं को राष्ट्र निर्माण में भागीदारी के लिए प्रेरित किया है। इसी दिशा में राज्य सरकार भी युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप, नवाचार, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने नकल विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून और सख्त भू-कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेकर प्रदेश के भविष्य को सुरक्षित करने का कार्य किया है। साथ ही उत्तराखंड की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास को नई दिशा दी जा रही है।
कार्यक्रम में सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स ने भी अपने अनुभव और सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के सुझावों का स्वागत करती है और डिजिटल इंडिया के इस युग में उत्तराखंड के युवा राज्य के ब्रांड एंबेसडर बनकर देश-विदेश में सकारात्मक छवि प्रस्तुत करें।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, महापौर गजराज सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
