हल्द्वानी में मुख्यमंत्री धामी का जनता दरबार: समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के सख्त निर्देश

Spread the love

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि जनता को राहत पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

जनता दरबार में पेयजल, ग्रामीण सड़कों की खराब स्थिति, बिजली आपूर्ति और सिंचाई से जुड़ी शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम को देखते हुए आवश्यकतानुसार पानी के टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और खराब पड़े नलकूपों व हैंडपंपों को शीघ्र दुरुस्त किया जाए।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त किया जाए, जबकि विद्युत विभाग को तय रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय की जाएगी।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, विधायक सरिता आर्या, दायित्वधारी अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, ध्रुव रौतेला, भावना मेहरा, दीपक मेहरा, आयोग सदस्य जेड. ए. वारसी, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय सहित कई अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *