हल्द्वानी। देवभूमि उत्तराखंड में पत्रकारों के सशक्तिकरण और आधुनिक मीडिया सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का विधिवत शिलान्यास किया। करीब ₹6 करोड़ 75 लाख 88 हजार की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक केंद्र कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों के लिए एक समर्पित, सुसज्जित और बहुउद्देश्यीय मंच के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह मीडिया सेंटर केवल एक भवन नहीं, बल्कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ—पत्रकारिता—को समर्पित एक सशक्त मंच होगा, जहां से जन-जन की आवाज को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ के पत्रकारों को कई कार्यों के लिए देहरादून जाना पड़ता था, लेकिन इस केंद्र के बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे।

उन्होंने बताया कि मीडिया सेंटर में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए आवासीय गेस्ट रूम की भी व्यवस्था होगी, जिससे उन्हें आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि समाचार पत्रों से संबंधित निरीक्षण कार्य अब इसी मीडिया सेंटर से संपन्न किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में पत्रकार कल्याण कोष को बढ़ाकर ₹5 करोड़ किया गया है, अधिस्वीकृत पत्रकारों को ₹5 लाख तक का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा दिया जा रहा है और 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8000 प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह मीडिया सेंटर हल्द्वानी को कुमाऊँ का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से संचालित पत्रकारिता राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा, विधायक सरिता आर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, महापौर गजराज सिंह बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

