देहरादून: राजधानी देहरादून में बीती रात सनसनीखेज लूट और मुठभेड़ की घटना सामने आई। थाना प्रेमनगर क्षेत्र में बदमाशों ने एक व्यक्ति को लूटने के बाद गोली मार दी, जिसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 29/30 अप्रैल की रात कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया है और उसे गोली मार दी है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर नरेश राठौर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे, जहां घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया।
घायल देवराज ने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे की नोक पर उससे नीले रंग का बैग लूट लिया, जिसमें करीब 2 लाख रुपये, मोबाइल फोन, हिसाब-किताब की डायरी, आईडी और अन्य जरूरी कागजात थे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे गोली मार दी और विश्रांति की ओर फरार हो गए।


पुलिस ने घायल को प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर जंगल क्षेत्र में संदिग्ध कार दिखाई दी। पुलिस द्वारा पीछा किए जाने पर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान एक गोली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर को लग गई, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश घायल हो गया।
घायल बदमाश को पकड़ लिया गया, जबकि उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल में फरार हो गए। सभी घायलों—पीड़ित देवराज, प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौर और घायल बदमाश—को उपचार के लिए पहले प्रेमनगर अस्पताल और बाद में हायर सेंटर रेफर किया गया।
उपचार के दौरान घायल बदमाश की कोरोनेशन अस्पताल में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी देहरादून और एसपी सिटी मौके और अस्पताल पहुंचे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
फरार बदमाशों की तलाश के लिए जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। सभी बॉर्डर पर नाकाबंदी कर दी गई है और पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है।
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

