फायरिंग साजिश का खुलासा: ‘बाबा’ के इशारे पर डॉक्टर पर हमले की प्लानिंग, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

हरिद्वार। कोतवाली लक्सर पुलिस ने एक सनसनीखेज फायरिंग साजिश का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को अवैध असलहे और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि कथित ‘बाबा’ के इशारे पर डॉक्टर को जान से मारने की साजिश रची गई थी।

घटना 27 अप्रैल 2026 की है, जब डॉ. सुमित कुमार निवासी दाबकी कलां ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह अपने परिजनों के साथ हंस फाउंडेशन हॉस्पिटल बहादराबाद से लौट रहे थे, तभी बाडीटीप के पास मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी उनके गांव के पास फायरिंग जैसी घटना हुई थी, जिसमें गाड़ी में गोली के निशान और टायर के अंदर से बुलेट मिलने की बात सामने आई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की। सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को रोकने का प्रयास किया, जो भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शुभम सैनी (22 वर्ष) निवासी भिक्कमपुर, लक्सर के रूप में हुई है।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह एक कथित बाबा के संपर्क में था और पिछले तीन वर्षों से उसके आश्रम में आता-जाता था। बाबा के कहने पर ही उसने अपने साथी के साथ मिलकर पहले 14 अप्रैल और फिर 27 अप्रैल को डॉ. सुमित कुमार की गाड़ी पर फायरिंग की। आरोपी ने बताया कि दोनों घटनाओं में कई राउंड फायर किए गए थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। फिलहाल पुलिस फरार बताए जा रहे कथित बाबा की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *