
हल्द्वानी। उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत चलाए जा रहे अभियान में नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसओजी और हल्द्वानी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 60 लाख रुपये से अधिक कीमत की स्मैक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी अमित कुमार के पर्यवेक्षण में कोतवाली हल्द्वानी पुलिस व एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से बेलबाबा क्षेत्र में कार्रवाई की।
पुलिस ने संदिग्ध महिला को रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 203 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 60.90 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार महिला की पहचान कनिका (40 वर्ष), निवासी शिवनगर ट्रांजिट कैम्प, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई पर एसएसपी नैनीताल ने टीम का उत्साहवर्धन करते हुए 2500 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत ऐसे अभियानों को आगे भी जारी रखा जाएगा और नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।


