हल्द्वानी में सड़क दुर्घटना जांच के लिए वैज्ञानिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

Spread the love

हल्द्वानी। सड़क दुर्घटनाओं की सटीक जांच और उनके कारणों के वैज्ञानिक विश्लेषण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संभागीय परिवहन कार्यालय हल्द्वानी की ओर से होटल क्लार्क्स इन, रामपुर रोड हल्द्वानी में सड़क दुर्घटना का वैज्ञानिक विश्लेषण विषय पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) गुरदेव सिंह द्वारा संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत कर दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जेपीओ रिसर्च एंड ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट फॉर ट्रांसपोर्ट डेवलपमेंट के विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को सड़क दुर्घटनाओं के वैज्ञानिक अध्ययन की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक सड़क सुरक्षा परिवहन विभाग नरेश मंगल तथा सेफ्टी एंड अवेयरनेस एक्सपर्ट्स इन उत्तराखंड के विशेषज्ञों ने सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों की पहचान, दुर्घटना स्थलों के सूक्ष्म निरीक्षण, आंकड़ों के संकलन व विश्लेषण, ब्लैक स्पॉट की पहचान तथा यातायात प्रबंधन में सुधार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। वक्ताओं ने बताया कि सड़क इंजीनियरिंग, प्रवर्तन और जन-जागरूकता से जुड़े समन्वित प्रयासों से दुर्घटनाओं और सड़क पर होने वाली मौतों को कम किया जा सकता है।

प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को दुर्घटना विश्लेषण की आधुनिक तकनीकों, डिजिटल उपकरणों के उपयोग और प्रभावी रिपोर्टिंग प्रणाली के बारे में प्रशिक्षित किया गया, जिससे दुर्घटनाओं के मूल कारणों की पहचान कर प्रभावी सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

कार्यक्रम में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। इनमें सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन हल्द्वानी/रामनगर/बाजपुर, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, वन विभाग, नगर निगम तथा परिवहन विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा उत्तराखंड परिवहन निगम, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी हल्द्वानी, फिटनेस सेंटर, ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्थान और चालकों के प्रशिक्षकों ने भी प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के अंत में संयुक्त परिवहन आयुक्त राजीव कुमार मेहरा द्वारा प्रतिभागियों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई गई और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) हल्द्वानी अरविंद पांडेय ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *