
हल्द्वानी। प्रेम सिनेमा रेलवे क्रॉसिंग के पास मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ लोगों ने एक युवक पर सरेआम लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी हमलावरों ने नहीं छोड़ा। इस घटना में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले बेस अस्पताल और बाद में सुशीला तिवारी चिकित्सालय रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार जवाहर नगर निवासी हुसैन वारिस उर्फ बंटी मंगलवार सुबह करीब 9 बजे अपने काम से जा रहे थे। जैसे ही वह प्रेम सिनेमा के पास रेलवे क्रॉसिंग पर पहुंचे, गेट बंद होने के कारण वह वहीं रुक गए। इसी दौरान वहां पहले से मौजूद मुन्ना अल्वी का भाई सारिक, उसके साथी नदीम, मकसूद, अनस समेत 10–15 अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते बंटी पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और अन्य हथियारों से बंटी को बुरी तरह पीटा।
बताया गया कि बंटी के साथ मौजूद दानिश और मेहरबान ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन्हें भी बेरहमी से पीट दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ अन्य लोगों ने भी रोकने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया।
घायल तीनों युवकों को तत्काल सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि हमलावरों ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। उनका कहना है कि मुन्ना अल्वी और उसका परिवार आपराधिक प्रवृत्ति का है और अक्सर लाइसेंसी हथियार दिखाकर लोगों को डराता रहता है। घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पीड़ितों ने कोतवाली में तहरीर सौंपकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।


