
रामनगर। वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला वन्य प्राणी सप्ताह इस बार भी कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में धूमधाम से शुरू हुआ। इस बार सप्ताह का थीम “ह्यूमन–वाइल्डलाइफ को-एक्सिस्टेंस” (मानव–वन्यजीव सह-अस्तित्व) रखा गया है। शुभारंभ कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली गई और हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

बच्चों ने दिया जीवंत संदेश
कार्यक्रम में विद्यालयों से आए बच्चों ने विभिन्न वन्यजीवों का रूप धारण कर प्रभात फेरी निकाली और सबको संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही सावल्दे वन परिसर तक साइकिल रैली निकाली गई, जिसमें बच्चों से लेकर वरिष्ठ प्रतिभागियों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जागरूकता की नई पहल
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने बताया कि 1 से 7 अक्टूबर तक विभिन्न कार्यालयों और स्थानों में “बाघ रक्षक आउटरीच कार्यक्रम” के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले ही दिन बेल पड़ाव स्थित इंडियन रिजर्व बटालियन में विशेष कार्यक्रम हुआ, जिसमें पुलिस कर्मियों को वन्यजीव संरक्षण पर आधारित फिल्म दिखाई गई और कॉर्बेट में चल रहे संरक्षण प्रयासों की जानकारी दी गई।
शुभारंभ कार्यक्रम में उपनिदेशक राहुल मिश्रा, पार्क वार्डन अमित ग्वासीकोटी, एसडीओ कालागढ़ बिंदर पाल, गणेश रावत, मदन जोशी, बिजरानी के वन क्षेत्राधिकारी नवीन चंद्र पांडे, प्रभारी क्षेत्राधिकारी इको टूरिज्म ललित आर्य, प्रमोद सत्यवली, मोहित राठौड़ सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



