भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड: सतर्कता अधिष्ठान ने 124 में से 95 शिकायतों का किया निस्तारण, 8 अधिकारी-कर्मचारी गिरफ्तार

Spread the love

हल्द्वानी: हल्द्वानी स्थित सतर्कता अधिष्ठान कार्यालय में आज निदेशक सतर्कता उत्तराखंड डॉ. वी. मुरूगेशन की अध्यक्षता में लंबित प्रकरणों की समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर हल्द्वानी के तहत विवेचनाधीन 04 अभियोगों एवं 04 खुली जांचों की समीक्षा की गई और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु विवेचकों व जांचकर्ताओं को विस्तृत दिशा-निर्देश दिए गए। लंबित दो ट्रैप प्रकरणों की विवेचना शीघ्र पूर्ण कर उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोप पत्र न्यायालय भेजने के निर्देश भी दिए गए।

“भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड” मुहिम के अंतर्गत जारी टोल फ्री नंबर 1064 पर इस वर्ष कुल 124 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 95 का निस्तारण किया जा चुका है। प्राप्त शिकायतों की जांच में आरोप सही पाए जाने पर 06 प्रकरणों में ट्रैप की कार्रवाई की गई, जिनमें 02 राजपत्रित व 06 अराजपत्रित अधिकारी/कर्मचारियों सहित कुल 8 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। अभिसूचना संकलन के तहत प्राप्त 02 शिकायतों पर जांच प्रचलित है, जिनकी गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।

समीक्षा बैठक में न्यायालय में विचाराधीन वादों की प्रभावी पैरवी करने पर भी बल दिया गया। साथ ही शिकायतकर्ताओं को ट्रैप के समय दी गई धनराशि वापस लौटाने हेतु गठित रिवाल्विंग फंड से अब तक 5 शिकायतकर्ताओं को कुल 72 हजार रुपये लौटाए जा चुके हैं। भ्रष्टाचार की रोकथाम व जनजागरूकता के लिए सतर्कता विभाग गांवों में जाकर, पंपलेट वितरित कर तथा आकाशवाणी से प्रचार-प्रसार कर रहा है।

निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने अपील की कि प्रदेशवासी सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर 24×7 संपर्क कर भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।


Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *