खटीमा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को उनकी बहनों द्वारा उनके निजी आवास नगरा तराई, खटीमा में राखी बांधकर आशीर्वाद दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कैम्प कार्यालय, लोहिया हेड में जाकर जनता से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना।
मुख्यमंत्री को राज्य आंदोलनकारियों और उनके परिवारजनों द्वारा राज्य आंदोलनकारियों के लिए 10% क्षैतिज आरक्षण के बिल पास होने पर धन्यवाद दिया गया और उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद, मुख्यमंत्री ने लोहिया हेड हेलीपैड पर इंटरलॉकिंग टाईल्स के निर्माण कार्य का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री अनिल डब्बू, मंडी चेयरमैन नंदन सिंह खड़ायत, जिलाधिकारी उदय राज सिंह, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी मनीष कुमार, एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एसडीएम रविन्द्र बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारीगण उपस्थित थे।
