हल्द्वानी। मॉनसून सीज़न को देखते हुए नैनीताल जनपद में संभावित आपदा की स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तेजी से तैयारियाँ की जा रही हैं। इसी कड़ी में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) विवेक रॉय ने नगर निगम सभागार, हल्द्वानी में नगर निगम और नगर पालिकाओं के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में आपदा पूर्व तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न नगर क्षेत्रों से प्राप्त निरीक्षण रिपोर्टों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जनपद के 92 अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत रिपोर्ट में नालों और नालियों में अतिक्रमण, कूड़े के जमाव और जलभराव की समस्याएं सामने आईं। इन समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अपर जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि प्रत्येक दो वार्डों पर एक अधिकारी को तैनात किया गया है जो क्षेत्रीय स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। यह अधिकारी नालियों की समय से सफाई, अतिक्रमण हटाने और अन्य आवश्यक कार्यों को तेजी से संपन्न करवा रहे हैं।
नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने बैठक में बताया कि निरीक्षण रिपोर्टों के आधार पर सभी वार्डों में नालों और नालियों की सफाई का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। जिन स्थानों पर जानबूझकर कूड़ा डाला जा रहा है, वहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं और चालानी कार्रवाई की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी विवेक रॉय ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मॉनसून सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में नगर निगम हल्द्वानी की नगर आयुक्त ऋचा सिंह सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन की यह सक्रियता आने वाले मानसून में राहत प्रदान करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।