
हल्द्वानी। नगर में सड़कों के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्य में लगातार हो रही देरी, अव्यवस्था और अनियमितताओं को लेकर नागरिकों का आक्रोश खुलकर सामने आया है। आक्रोशित लोगों ने उत्तराखंड अर्बन सेक्टर डेवलपमेंट एजेंसी (यूयूएसडीए) के अधिकारियों को सामूहिक ज्ञापन सौंपते हुए निर्माण कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और स्थानीय हितों को प्राथमिकता देने की मांग की।

कांग्रेस नेता ललित जोशी और भोलादत्त भट्ट के नेतृत्व में नागरिकों ने यूयूएसडीए के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। ज्ञापन में कहा गया कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बिना समुचित योजना और पूर्व सूचना के सड़कों को खोदकर महीनों तक अधूरा छोड़ दिया जाता है। इससे सड़कें जर्जर हो चुकी हैं और धूल, गड्ढों व अव्यवस्था के कारण आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति और लापरवाहीपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। कई स्थानों पर पहले से खोदी गई सड़कों का कार्य पूरा किए बिना नई सड़कों को खोद दिया गया, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है और दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। सामाजिक व वैवाहिक आयोजनों के दौरान भी लोगों को भारी असुविधा झेलनी पड़ रही है।
ज्ञापन में सुझाव दिया गया कि एक निश्चित कार्ययोजना के तहत सीमित कॉलोनियों का चयन कर पहले वहां का निर्माण कार्य पूर्ण किया जाए, उसके बाद ही अन्य क्षेत्रों में काम शुरू किया जाए। साथ ही कार्य प्रारंभ होने से पूर्व सार्वजनिक सूचना जारी करने और प्रमुख नागरिकों व जनप्रतिनिधियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित करने की मांग की गई।
स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता न दिए जाने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नागरिकों का आरोप है कि निर्माण कार्यों में बाहरी श्रमिकों को वरीयता दी जा रही है, जिससे स्थानीय युवाओं के हितों की अनदेखी हो रही है।


